अभी भी महिलाओं, बच्चों व लोगों को यह जानकारी नहीं है कि उनके कानूनी अधिकार क्या है

इन्द्री, 29 सितम्बर भारत सरकार द्वारा पूरे देश में 75वां आजादी का अमृत महोत्सव बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इसी कडी में हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार करनाल में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा 2 अक्तूबर से 14 नवम्बर तक आजादी का अमृत महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव के माध्यम से असहाय एवं निशक्त एवं आर्थिक व सामाजिक स्थिति के कमजोर लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम जसबीर ने कोर्ट परिसर इन्द्री के बार लाईब्रेरी कक्ष में आजादी का अमृत महोत्सव *अज्ञानता से कानूनी ज्ञान की ओर* कार्यक्रम में महिला आंगनवाडी वर्कर्स एवं ग्राम सचिवों को सम्बोधित करते हुए कहा कि भारत सरकार द्वारा पूरे देश में 75वें आजादी का अमृत महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे देश में अभी भी महिलाओं, बच्चों व लोगों को यह जानकारी नहीं है कि उनके कानूनी अधिकार क्या है और उनके हित में सरकार द्वारा कौन-कौन सी जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई गई है। उन्होंने कहा कि यदि हम सभी मिलकर लोगों को यह बताने का प्रयास करेंगें कि उनके कानूनी अधिकार क्या है और उन्हें कहां कहां से कानूनी सहायता मिलती है, तो अवश्य ही लोग अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होगें। उन्होंने महिला आंगनवाडी कार्यकर्ताओं को कहा कि वे ग्रामीण क्षेत्र से जुड़ी होती है और वे लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के बारे अच्छी प्रकार से जागरूक कर सकती है।
अतिरिक्त सिविल जज, सिनियिर डिवीजन, कम चेयरपर्सन उपमंडल विधिक सेवाएं प्राधिकरण कमेटी इन्द्री दीक्षा दास रंगा ने कार्यक्रम में बताया कि सरकार द्वारा महिलाओं, बच्चों, सिनियिर सिटीजन, विकंलागों, आर्थिक एवं सामाजिक पिछड़े लोगों के लिए मुफ्त कानूनी सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है। यदि किसी व्यक्ति की आय तीन लाख रूपये से कम है वह व्यक्ति भी कानूनी सहायता का हकदार है। उन्होंने कहा कि हम सभी का कर्तव्य बनता है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करें और यह तभी संभव होगा जब हम मिलकर संयुक्त रूप से लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के बारे जागरूक करने का काम करेंगे।
इस मौके पर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी अंग्रेज सिंह मोर, सीडीपीओ राजबाला, खंड इन्द्री की आंगनवाडी कार्यकर्ता, ग्राम सचिव एवं कोर्ट के अधिकारीगण एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।