रादौर, : रादौर के छोटाबांस में पुलिस सहायता से अवैध कब्जा छुड़ाने पहुंची नगरपालिका की टीम को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। नपा की टीम ने जैसे ही अवैध कब्जे हटाने शुरू किए तो सैंकड़ों लोगों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। विरोध कर रहे लोगों ने नपा के अधिकारियों से भूमि की पहले निशानदेही करवाने की मांग की। जिसके बाद नपा की टीम को अवैध कब्जे हटवाने बारे कहा गया। इस दौरान नपा अधिकारियों व छोटाबांस के लोगों के बीच अवैध कब्जे हटाने को लेकर तीखी बहस हुई। लोगों के विरोध के बाद नपा की टीम बिना अवैध कब्जे हटाए वापस लौट गई। जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। छोटाबांस में कुछ लोगों ने अवैध कब्जों को लेकर सीएम विंडो में शिकायत दी थी। जिसके बाद जिला उपायुक्त के आदेश पर तहसीलदार रादौर सुरेश कुमार को अवैध कब्जे हटाने के लिए मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया। नपा के अधिकारी पुलिस सहायता से दोपहर लगभग डेढ़ बजे छोटाबांस में अवैध कब्जे हटाने पहुंचे तो सैंकड़ों की संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। कुलदीप नंबरदार, रविंद्र कश्यप, जगमिंद्र सिंह आदि ने कहा कि नपा की ओर से गांव में ओर लोगों द्वारा किए गए अवैध कब्जे को पहले हटाया जाए। उसके बाद प्रशासन गांव में कार्रवाई करे। वहीं नपा के अधिकारियों से पहले निशानदेही करवाकर अवैध कब्जे हटाने की मांग की गई। जिस पर नपा की टीम ने निशानदेही के बाद अवैध कब्जे हटाने की बात कही। सफाई निरीक्षक निर्मल सिंह खरींडवा ने बताया कि निशानदेही के बाद अवैध कब्जों को लेकर कार्रवाई की जाएगी।
रादौर – छोटाबांस में अवैध कब्जा हटाने के दौरान मौके पर जमा छोटाबांस के लोग।
रादौर – छोटाबांस में अवैध कब्जा हटाने के दौरान मौजूद पुलिस कर्मचारी।
रादौर – छोटाबांस में हटाया गया अवैध कब्जा।