भारतबंद में कानून हाथ में लेने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा:मनोहर लाल
विकास कार्यों में कोताही करने वालों को दी चेतावनी
करनाल(NirmalSandhu): मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार को करनाल शहर में करोड़ों रुपये की राशि के चल रहे विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री करनाल-मेरठ रोड पर पहुंचे और वहां चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने मेरठ रोड पर बन रहे आवर्धन नहर के पुल के निर्माण का कार्य का अवलोकन किया और कहा कि यह कार्य 30 नवम्बर तक पूरा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस सडक़ पर शुगरमिल होने के कारण गन्ने के सीजन से पहले दोनों तरफ सर्विस लेन बनाने के निर्देश दिए ताकि किसी भी किसान को गन्ना लाने में दिक्कत न हो। करनाल-मेरठ रोड के विस्तारीकरण पर करीब 105 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस रोड पर आवर्धन नहर पर पुल बन रहा है, किसी को आने-जाने में दिक्कत न हो इसके लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। गन्ने के सीजन को देखते हुए शुगरमिल में आने के लिए दोनों साईडों में सर्विस लेन बनाने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने मीडियाकर्मियों को बताया कि भीड़भाड़ को देखते हुए करनालवासियों की काफी समय से यह मांग भी कि इस सडक़ को चौड़ा किया जाए। क्षेत्र के लोगों की दिक्कत को देखते हुए करीब 15 किलोमीटर लम्बी सडक़ को ताऊ देवी लाल चौक से शुगरमिल तक 6 मार्गी और इससे आगे मंगलौरा पुल तक चौमार्गी बनाया जाएगा।
करनाल-मेरठ रोड को दोनों ओर से 15-15 मीटर चौड़ा किया जा रहा है, बीच में डेढ मीटर डिवाईडर और 6 मीटर के फुटपाथ बनाए जाएंगे। सडक़ चौड़ी होने पर वाहनों का ट्रैफिक लोड कम होगा। उन्होंने बताया कि अब तक ताऊ देवी लाल चौक से शुगर मिल तक एक साईड सडक़ लगभग मुकम्मल हो गई है, पुल के नीचे शुगरमिल के सामने स्माल व्हीकल अंडरपास रहेंगे। दोनों ओर सर्विस लेन भी बनाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि इसी तरह का एक अन्य अंडरपास मंगलौरा के पास भी बनाया जा रहा है।
घरौंडा के विधायक हरविन्द्र कल्याण ने करनाल-मेरठ रोड के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल की उपस्थिति में अधिकारियों को सुझाव दिया कि शुगरमिल के पिराई सीजन के शुरू होने से पहले इस सडक़ के साथ सर्विस लेन की व्यवस्था करें ताकि किसानों को अपना गन्ना शुगरमिल तक लाने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। विधायक के इस सुझाव पर मुख्यमंत्री ने सहमति जताई और मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्विस लेन का शीघ्र अति शीघ्र निर्माण करवाया जाए।
मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जिला में चल रहे विकास कार्यों में प्रयोग लाई जाने वाली निर्माण सामग्री की गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं होगा। समय-समय पर निर्माण सामग्री का अधिकारियों द्वारा सैंपल लिए जाते हैं और जहां कोई कमी नजर आती है उसे तुरंत ठेकेदार से कहकर ठीक करवाया जाता है फिर भी अगर इस प्रकार की शिकायत मिलेगी तो इस पर कड़ा संज्ञान लिया जाएगा।
भारत बंद के आह्वान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना सबका अधिकार, कानून अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ की जाएगी प्रशासनिक कार्यवाही। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 27 सितम्बर को किसानों द्वारा भारत बंद आह्वान के प्रश्र के उत्तर में कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात कहने व प्रदर्शन करने का अधिकार है। इस पर सरकार को भी कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन किसी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं है। जो भी कानून व्यवस्था को बिगाडऩे का कार्य करेगा, प्रशासन उसके साथ कानूनी कार्यवाही करेगा।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपने निरीक्षण के दौरान कैथल रोड पर पश्चिमी यमुना नहर के ऊपर बन रहे पुल के निर्माण कार्य को भी देखा। उन्होंने अधिकारियों से कार्य की प्रगति ली और संबंधित अधिकारियों को कहा कि इसे निर्धारित समय में पूरा करवाएं ताकि लोगों को आने-जाने में दिक्कत से छुटकारा मिल सके। इस पुल के निर्माण पर करीब 7 करोड़ रुपये खर्च होंगे।