रोहतक में BJP नेताओं को मंदिर में बनाया बंधक LIVE
ग्रोवर के हाथ जोड़कर माफी मांगने पर निपटा विवाद
फिलहाल किलोई मंदिर में ही हैं भाजपाई
पढ़िए… भाजपा के कौन-कौन नेता हैं किलोई शिव मंदिर में कैद
रोहतक के किलोई गांव में स्थित प्राचीन शिव मंदिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देख रहे भाजपा नेताओं को किसानों ने बंधक बनाया है। हालांकि किसानों और प्रशासन की बातचीत के बाद भाजपा नेताओं ने माफी मांग ली। भाजपा नेताओं ने कहा कि अगर वह नहीं चाहते हैं तो वो मंदिर नहीं आएंगे। हालांकि उनके माफी मांगने के बाद भी इस बात पर पेंच फंस गया कि प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष ग्रोवर ने हाथ जोड़कर माफी नहीं मांगी।
स्थिति तनावपूर्ण, 4 जिलों के एसपी मौके पर
तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए मौके पर डीसी रोहतक कैप्टन मनोज कुमार समेत चार जिलों के एसपी भी पहुंच चुके हैं। एसपी रोहतक उदय सिंह मीणा, एसपी सोनीपत राहुल शर्मा, एसपी झज्जर वसीम अकरम, एएसपी रोहतक कृष्ण लोहचब, डीएसपी मुख्यालय रोहतक सज्जन सिंह के साथ रोहतक के 7 थानों के SHO और जिले की 800 सदस्यीय पुलिस फोर्स के साथ सोनीपत और झज्जर की पुलिस फोर्स और रैपिड एक्शन फोर्स इस समय मौके पर मौजूद है।
किलोई के शिव मंदिर में हालात गंभीर बने हुए हैं। इस दौरान करीब 100 से 150 युवा मंदिर की छत पर पहुंच चुके हैं। किसानों और ग्रामीणों के अलावा आसपास के गांवों के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच चुके। मौजूद किसान और ग्रामीण भाजपा के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।
भाजपा के कई बड़े नेता मंदिर परिसर में कैद
शिव मंदिर किलोई में भाजपा के कई बड़े नेता PM मोदी का कार्यक्रम लाइव देखने पहुंचे हैं। इनमें प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, भाजपा संगठन मंत्री रविंद्र राजू, किलोई से चुनाव लड़ चुके सतीश नांदल, रोहतक नगर निगम मेयर मनमोहन गोयल, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय बंसल, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष उषा शर्मा, पूर्व विधायक कलानौर से सरिता नारायण, पूर्व महिला जिला अध्यक्ष आशा शर्मा, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष नवीन ढुल, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष मनीष दांगी, पदम ढुल, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष राजकुमार बधवार, पूर्व पार्षद अनीता मिगलानी, पार्षद प्रतिनिधि दीपक नागपाल, पार्षद प्रतिनिधि अमित जैन, पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश भाटिया, किला रोड मार्केट के पूर्व प्रधान हैप्पी अनेजा, जिला महामंत्री सतीश आहूजा, जिला महामंत्री राजेश भालोट, नगर निगम पार्षद सोनू पावरिया, नगर निगम पार्षद बिजेंदर हुड्डा, मंडल अध्यक्ष राजीव भाकर, किलोई मंडल अध्यक्ष रवि हुड्डा, जसिया मंडल अध्यक्ष सतीश भालोट, किलोई से चुनाव लड़ चुके प्रेम हुडा, सांपला मंडल अध्यक्ष पंडित अभिनंदन, प्रदेश युवा मोर्चा महामंत्री सुमित हुड्डा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ दिनेश घिलोड शामिल हैं।
वहीं मंदिर की बालकनी में आ कर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष ग्रोवर ने लोगों से बात करने की कोशिश की। हालांकि लोगों की हूटिंग के बीच कुछ भी उनके बोलने के दौरान सुनाई नहीं दिया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने हाथ जोड़कर माफी मांगी। सतीश नांदल भी माफी मांग रहे थे लेकिन मनीष ग्रोवर अड़ गए और उन्होंने हाथ नहीं जोड़े। इससे किसान भड़क गए। किसानों ने कहा कि यदि आधे घंटे में मनीष ग्रोवर ने माफी नहीं मांगी तो वह सख्त विरोध करेंगे।
शुक्रवार सुबह 9:30 बजे से जारी किसानों के घेराव के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए रोहतक, सोनीपत, झज्जर जिलों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है। पुलिस ने गांव को चारों ओर से घेर रखा है। वहीं मौके पर चार बजे झज्जर एसपी वसीम अकरम पहुंचे। रोहतक एएसपी कृष्ण लोहचब सहित पुलिस के कई बड़े अधिकारी भी पहुंच चुके हैं। उन्होंने मौजूद अफसरों से स्थिति का जायजा लिया और किसानों से समन्वय बनाने का भी प्रयास किया।
वहीं, सूत्रों के अनुसार पुलिस को किसी भी हालत से निपटने को तैयार रहने को कहा गया है। वहीं दोपहर दो बजे के करीब मौके पर जिला उपायुक्त (डीसी) कैप्टन मनोज कुमार भी पहुंचे और किसानों से बात। किसान इस बात पर अड़े हैं कि उनसे हाथ जोड़कर माफी नहीं मांगी गई। पुलिस ने सुरक्षा के लिए तीन लेयर में घेरा बढ़ा दिया है। मंदिर के बाहर भारी संख्या में ग्रामीण और किसान इकट्ठे हो गए हैं। भाजपा नेताओं को मंदिर से निकालने के लिए भारी संख्या में पुलिस बुलाई गई है।
किसानो ने पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर को आधे घंटे में माफी के लिए कहा। ऐसा नहीं करने पर उग्र प्रदर्शन की चेतावनी दी। किसानों ने आह्वान किया कि मंदिर के आगे-पीछे, दाएं और बाएं चारों ओर किसान खुद खड़े हो जाएं। इसके बाद अब किसानों की भीड़ चारों तरफ से मंदिर परिसर को घेर चुकी है और ट्रैक्टर-ट्रॉली भी खड़े कर दिए हैं।
किसानों और पुलिस के बीच बातचीत जारी है। किसान अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। इसी बीच सोनीपत, झज्जर से भी पुलिस फोर्स बुला ली गई है। वहीं, रैपिड एक्शन फोर्स भी तैनात कर दी गई है। सुबह साढ़े 9 बजे से दोपहर 4 बजे तक भी भाजपा के सभी कार्यकर्ता मंदिर के अंदर ही बंधक बने हुए हैं।
मंदिर में भाजपा उपाध्यक्ष पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, संगठन मंत्री रविंद्र राजू, मेयर मनमोहन गोयल, जिला अध्यक्ष अजय बंसल, सतीश नांदल समेत रोहतक भाजपा के कई नेता और अनेक पदाधिकारी पहुंचे थे। बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे किसानों ने उन्हें मंदिर में ही कैद कर दिया। मौके पर DSP मुख्यालय सज्जन सिंह भारी संख्या में पुलिस बल के साथ मौजूद है। वह किसानों से बातचीत कर तालमेल बना मंदिर से बंद भाजपा नेताओं को बाहर निकालने की कोशिशों में लगे हैं।
उत्तराखंड में धार्मिक स्थल केदारनाथ धाम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पूजा दर्शन समेत कई शिलान्यास और उद्घाटन कार्यक्रम का लाइव कार्यक्रम का प्रसारण प्रदेश के हर जिले के प्रमुख शिव मंदिर में चल रहा है। किलोई के प्राचीन शिव मंदिर में कार्यक्रम का प्रसारण किया जा रहा है। इसमें शामिल होने के लिए भाजपा के कई बड़े चेहरे पहुंचे थे। इसकी भनक किसानों को लगी तो चढूनी ग्रुप जिला अध्यक्ष राजू मकड़ौली ने सोशल मीडिया पर मैसेज वायरल कर किसानों को जल्द मौके पर पहुंचने की अपील की। मैसेज मिलते ही बड़ी संख्या में किसान इकट्ठे हुए। किलोई समेत आसपास के ग्रामीण भी वहां जमा हो गए।
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने मंदिर को चारों ओर से घेर लिया। मंदिर से बाहर जाने वाले गांव के हर रास्ते पर अवरोधक लगा दिए। लगातार किसानों की संख्या मौके पर बढ़ती जा रही है। प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना है कि मंदिर के अंदर बंद भाजपा के हर नेता को लोगों से यहां आने पर माफी मांगनी होगी। साथ ही ये नेता यह वायदा करेंगे की वे आइंदा जिले के किसी भी गांव में नहीं जाएंगे। इन दोनों बातों के बाद ही वे नेताओं को यहां से जाने देंगे, नहीं तो अंदर ही बंधक बने रहेंगे।
गौरतलब है कि तीन कृषि कानूनों के विरोध में हरियाणा में भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार का किसान पुरजोर विरोध कर रहे हैं। दोनों राजनीतिक पार्टियों के हर तरह के कार्यक्रमों के विरोध का किसानों ने शुरूआती दिनों से ही आह्वान किया हुआ है। इसी क्रम में शुक्रवार को हरियाणा के रोहतक जिले के गांव किलोई में स्थित प्राचीन शिव मंदिर में बीजेपी के कई बड़े चेहरे पहुंचे।cpbhaskr