Karnal-केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा 8 मार्च को दिया जाएगा पुरस्कार*

*नारी शक्ति पुरस्कार 2021 के लिए आवेदन का आज अंतिम दिन : डीसी यशेन्द्र सिंह*

*- केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा 8 मार्च को दिया जाएगा पुरस्कार*

*रेवाड़ी, 30 जनवरी।*

केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा प्रदान किए जाने वाले नारी शक्ति पुरस्कार-2021 के लिए आनलाइन आवेदन/नामांकन करने के लिए अब केवल एक दिन शेष हैं। पुरस्कार के लिए 31 जनवरी 2022 तक प्राप्त आवेदनों/नामांकनों पर ही विचार किया जाएगा।

डीसी यशेन्द्र सिंह ने बताया कि केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से नारी शक्ति पुरस्कार-2021 के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए है। आवेदन के लिए www.awards.gov.in पोर्टल पर जाना होगा। इसके साथ ही अधिक जानकारी व पात्रता मानदंड और अन्य विवरण के संबंध में दिशानिर्देश https://wcd.nic.in/schemes/nari-shakti-puraskar पर देखे जा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि यह पुरस्कार 08 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रदान किया जाएगा। यह पुरस्कार महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तीकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट काम करने को मान्यता देते हैं। केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा हर साल व्यक्तियों और संस्थानों को महिला सशक्तीकरण, विशेष रूप से कमजोर और हाशिए पर रहने वाली महिलाओं के लिए इनकी सेवा के सम्मान में नारी शक्ति पुरस्कार दिया जाता है। प्रत्येक विजेता को पुरस्कार में रूप में प्रमाण पत्र और दो लाख रुपये की नकद राशि दी जाती है।

उपायुक्त यशेन्द्र सिंह ने बताया कि पुरस्कारों की अधिकतम संख्या (व्यक्तिगत और संस्थागत सहित) 15 हो सकती है। हालांकि, अधिकतम संख्या में किसी प्रकार की छूट की अनुमति महिला एवं बाल विकास मंत्री की अध्यक्षता वाली चयन समिति के विवेक पर दी जा सकती है। पुरस्कारों के लिए स्व-नामांकन और सिफारिशों पर भी विचार किया जाता है। चयन समिति पर्याप्त औचित्य के साथ अपनी इच्छा के अनुरूप पुरस्कार के लिए किसी व्यक्ति/संस्था की सिफारिश भी कर सकती है। उन्होंने बताया कि केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के संयुक्त सचिव स्तर के अधिकारी की अध्यक्षता वाली स्क्रीनिग कमेटी पुरस्कारों के लिए आवेदन/अनुशंसित संस्थानों और व्यक्तियों की उपलब्धियों पर विचार करते हुए पुरस्कारों के लिए प्राप्त नामांकनों की जांच कर उसे शार्टलिस्ट करेगी। पुरस्कार विजेताओं का अंतिम चयन स्क्रीनिग कमेटी की सिफारिशों के आधार पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री की अध्यक्षता वाली चयन समिति करेगी।

———-

#rewari #haryana #news

*राज्य उर्जा संरक्षण पुरस्कार योजना के तहत आवेदन आमंत्रित: एडीसी जयदीप*

*रेवाड़ी, 30 जनवरी।*

नवीन एवं नवीकरणीय उर्जा विभाग, हरियाणा एवं हरेडा द्वारा राज्य उर्जा संरक्षण पुरस्कारों की एक योजना आरम्भ की गई हैं। जिसके अन्तर्गत वर्ष 2020-21 के लिए विभिन्न श्रेणीयों के पात्र उपभोक्ताओं से आवेदन आमंत्रित किये गये हैं।

अतिरिक्त उपायुक्त जयदीप कुमार ने यह जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा में स्थित औद्योगिक, वाणिज्यिक, राजकीय, संस्थागत, समूह आवासीय भवनों को उर्जा संरक्षण के क्षेत्र में श्रेष्ठ उपाय करने, तकनीक अपनाने, उर्जा दक्षता हासिल करने के फलस्वरूप राज्य उर्जा संरक्षण पुरस्कारों से अलंकृत किया जाता है। उन्होंने बताया कि नवीन एवं नवीकरणीय उर्जा विभाग, हरियाणा एवं हरेडा द्वारा वर्ष 2020-21 के लिए राज्य उर्जा संरक्षण पुरस्कार प्रदान करने हेतू पात्र उपभोक्ताओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिसकी अंतिम तिथि 22 फरवरी 2022 है। इस योजना के दिशा-निर्देशों की एक प्रति हरेडा की वैबसाइट www.hareda.gov.in पर उपलब्ध हैं। आवेदन के बारे में अधिक जानकारी के लिए अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय, के नवीन एवं नवीकरणीय उर्जा विभाग कमरा नम्बर 205 में किसी भी कार्य दिवस में सम्पर्क किया जा सकता हैं।

एडीसी जयदीप कुमार ने बताया कि इसके अतिरिक्त इनोवेशन/नई औद्योगिकियां/अनुसंधान एवं विकास परियोजनाएं जिनमें नवीन प्रचार परियोजनाएं शामिल हों, उर्जा संरक्षण में अनुसंधान और नवाचार, उर्जा दक्षता, अपशिष्ट से उर्जा और नवीकरणीय उर्जा क्षेत्र, कुशल प्राकृतिक संसाधन प्रबधंन में श्रेष्ठ कार्य करने वाली संस्थाएं भी राज्य उर्जा संरक्षण पुरस्कार के लिए आवेदन कर सकती हैं। इन पुरस्कारों में नकद राशि, शिल्ड तथा प्रमाण पत्र प्रदान किए जाते हैं। अतिरिक्त उपायुक्त ने जिला में स्थित औद्योगिक, वाणिज्यिक, राजकीय, संस्थागत, समूह आवासीय भवनों के मालिकों, इनोवेशन/ नई प्रौद्योगिकियां/ अनुसंधान एवं विकास परियोजनाएं जिनमें नवीन प्रचार परियोजनाएं शामिल हों, उर्जा संरक्षण में अनुसंधान और नवाचार, उर्जा दक्षता, अपशिष्ट से उर्जा और नवीकरणीय उर्जा क्षेत्र तथा कुशल प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन में श्रेष्ठ कार्य करने वाली संस्थाओं से आह्वान किया कि इन पुरस्कारों के लिए अधिक से अधिक आवेदन करें।

———-

#rewari #haryana #news