Karnal-प्रेमी देवर के साथ भागी महिला की सोमवार सुबह संदिग्ध हालात में मौत

सोनीपत

सहारनपुर से एक साल पहले प्रेमी देवर के साथ भागी महिला की सोमवार सुबह संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसके मुंह व नाक से खून बह रहा था। प्रेमी युवक महिला को मृत हालत में लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचा, जहां पर पुलिस ने उसको हिरासत में ले लिया।

वह दो बच्चों की महिला को एक साल पहले उत्तर प्रदेश से सहारनपुर से लेकर भागा था। महिला का पति और भाई एक साल से उसकी तलाश कर रहे थे। वह सेक्टर-15 की हाउसिग बोर्ड सोसायटी में छिपकर रह रहे थे।

सोमवार सुबह करीब आठ बजे एक महिला को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। चांदनी नाम की महिला को लेकर चिराग वर्मा नाम का युवक पहुंचा था। उसने चांदनी को अपनी पत्नी बताया। महिला के मुंह व नाक से खून निकल रहा था। चिराग वर्मा ने अस्पताल कर्मियों को बताया कि ब्लड प्रेशर कम होने की वजह से वह गिर गई। संदेह होने पर अस्पताल से पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने चिराग को हिरासत में ले लिया। पुलिस पूछताछ में चिराग ने बताया कि मृतका उसकी प्रेमिका है। उन्होंने भागकर शादी की है। पुलिस के कहने पर चिराग वर्मा ने मृतका चांदनी के भाई दीपक को सूचना दी। दोपहर में मृतक के स्वजन दीपक और सागर सोनीपत पहुंच गए।

सागर ने बताया कि वह सिरसा के रहने वाले हैं। उन्होंने चांदनी की शादी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में की थी। चांदनी को दो बच्चे सात साल का लड़का और चार साल की लड़की हैं। चांदनी के पति बिट्टू के मामा का लड़का चिराग वर्मा भी उनके घर पर ही रहता था। चिराग पंजाब का रहने वाला था अैर ड्राइविग करता था। चिराग वर्मा एक साल पहले चांदनी को लेकर भाग आया। उनको सूचना मिली थी कि चिराग और चांदनी सोनीपत में रह रहे हैं, लेकिन उनका पता नहीं लग पाया। दोनों ने अपने मोबाइल नंबर बदल लिए थे। दीपक ने पुलिस को बताया कि चिराग ने छुटकारा पाने के लिए चांदनी की हत्या की है। वहीं चिराग ने पुलिस को बताया कि उसकी मौत गिरने के कारण हुई है।

चांदनी की मौत का कारण पोस्टमार्टम के बाद ही पता चल सकेगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर चिराग वर्मा को स्वजनों की शिकायत के आधार पर हिरासत में ले लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी